रिजिजू बोले- संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक एंगल न दें, एक घंटे तक रुके लुधियाना में
Dec 24,2021 08:07 AM posted by Admin
पंजाब के लुधियाना में ब्लास्ट के बाद कोर्ट परिसर का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने सूबे में सत्ताधारी दल के नेताओं को ऐसे मुद्दों पर राजनीति न करने की नसीहत दी है। रिजिजू ने कहा है कि संवेदनशील मुद्दे पर CM चरणजीत सिंह चन्नी, उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा और PPCC अध्यक्ष नवजोत सिद्धू को ऐसी बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। केंद्र और पंजाब सरकार की एजेंसियां मामले की एक साथ जांच कर रही हैं, इस जांच के जल्द ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करीब एक घंटे तक लुधियाना में रुके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि वह चुनाव प्रचार के लिए नहीं आए हैं। बल्कि हमारे जज, वकीलों को मोरल सपोर्ट देने और सिक्योरिटी जांच के लिए यहां पहुंचे हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य जज की अगुवाई में बनी सुरक्षा कमेटी भी मीटिंग कर इसका रिव्यू करेगी। उन्होंने कहा कि वह घटनास्थल का जायजा लेने गए। जिला सेशन जज मनीष सिंघल, डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा समेत दूसरे अधिकारियों के साथ बातचीत की। वह पूरे देश में अदालतों के सिक्योरिटी सिस्टम का रिव्यू कर रहे हैं ताकि जजों और वकीलों को काम के लिए सही माहौल मिल सके।
सीएम चन्नी ने दिया था ड्रग्स मामले पर बयान
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बयान दिया था कि वह ड्रग्स मामले की जांच कर रहे हैं, इसलिए यह हादसा हुआ है। उन्होंने इसकी जांच करने की बात कही थी। पंजाब गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा था कि इस ब्लास्ट की आतंकी हमले और टिफिन बम से जोड़कर जांच कर रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने दोनों से अलग बयान देते हुए कहा था कि विदेशी ताकतें पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने उन्हें सलाह देते हुए कहा कि हम सभी बेहद जिम्मेदार पद पर काम कर रहे हैं। इसलिए सोच समझकर बयान देने चाहिए और इसे राजनीतिक मुद्दा तो हरगिज नहीं बनाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने साफ किया है कि हमारी एजेसियां बेहद सही दिशा में काम कर रही हैं और उनकी तरफ से ही इस पर इनपुट शेयर किए जाएंगे।
राजनीतिक करने नहीं आए थे, पर पाठ पढ़ा गए
पंजाब में चार महीने में चार बड़े बम ब्लास्ट हो चुके हैं। इससे पहले 2017 चुनाव से पहले मौड़ मंडी ब्लास्ट हुआ था। पहली बार है कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी के किसी मंत्री ने ऐसी सक्रियता दिखाई और हादसे वाली जगह पर पहुंचे। भले केंद्रीय मंत्री ने यह कहा कि वह राजनीति और चुनाव प्रचार के लिए नहीं आए हैं मगर वह राजनीतिक कार्ड खेलते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश है कि वह पंजाब के लोगों के साथ हैं। पंजाब में माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही केंद्रीय मंत्री मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत दूसरे मंत्रियों और कांग्रेस प्रदेश प्रधान को राजनीति का पाठ भी पढ़ा गए।
करीब एक घंटे तक लुधियाना में रुके केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री लुधियाना में करीब एक घंटे तक रहे। कोर्ट कॉम्प्लेक्स में 15 से 20 मिनट रहे। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने पहले सर्किट हाउस में पहुंचे। DC वरिंदर शर्मा, CP गुरप्रीत भुल्लर और जिला सेशन जज मुनीष जिंदल से मीटिंग कर व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। DMC अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल चाल जाना। सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता की।